

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी, आजमगढ़ ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटर के नाम पर आम बिजली उपभोक्ताओं के कथित आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि खरीफ सीजन के दौरान डीएपी खाद की भारी कमी से किसान परेशान हैं। कई स्थानों पर किसानों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाद नहीं मिल रही है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ रही हैं। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर को लेकर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अनियमितताएं बढ़ी हैं, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। पार्टी ने मांग की कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।
