



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टेली मानस कार्यक्रम में आजमगढ़ जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। प्रदेश स्तर की रैंकिंग में अंतिम पायदान पर रहने वाला आजमगढ़ अब 42वें स्थान पर पहुंच गया है। इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कार्यक्रम से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी है।मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि पिछले एक महीने से लगातार मॉनिटरिंग, बेहतर रणनीति और टीमवर्क के चलते यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहन लाल और उनकी टीम के कार्यों की सराहना की। डॉ. वर्मा ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद टीम ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम किया। उन्होंने कहा कि 42वें स्थान तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि जरूर है, लेकिन लक्ष्य अब प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करना है।
सीएमओ ने कहा कि आने वाले समय में टेली मानस के साथ-साथ एनसीडी कार्यक्रम के तहत शुगर, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर और मानसिक स्वास्थ्य जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से नियमित जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील भी की। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक कर स्वस्थ समाज का निर्माण करना भी है।
