आजमगढ़ में पुलिस के दो मुठभेड़ों में तीन अपराधी घायल, पांच गिरफ्तार, टप्पेबाज गिरोह और अंतरराज्यीय गोतस्करी का भंडाफोड़

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को आजमगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। जीयनपुर और जहानागंज में हुई पुलिस मुठभेड़ में तीन अभियुक्त गोली लगने से घायल हुए, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों में कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह और अंतरराज्यीय गोतस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पहली कार्रवाई थाना जीयनपुर पुलिस ने महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग के पास की। यहां चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान एक अभियुक्त ने बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह के दाहिने कनपटी के पास से निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना अमित साहनी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों शिवा साहनी और सुनील साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया की यह गिरोह बैंकों में रुपये जमा करने और निकालने आने वाले लोगों की रेकी करता था। लोगों को मदद करने या अधिक रुपये देने का झांसा देकर विश्वास में लेता और उनके असली रुपये लेकर बदले में कागज की गड्डी थमा देता था। जीयनपुर क्षेत्र में 10 अगस्त और 29 अक्टूबर को हुई दो घटनाओं में गिरोह ने कुल 1 लाख 23 हजार रुपये की ठगी की थी। इनके कब्जे से 19,100 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। तीनों अभियुक्त देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र के निवासी हैं। इनके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।

दूसरी मुठभेड़ जहानागंज थाना क्षेत्र में हुई।

वहीं दूसरी कार्रवाई थाना जहानागंज पुलिस ने बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे ग्राम मन्दे बागीचा के पास भुजही नहर पर की। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चारपहिया वाहन से क्षेत्र में रेकी कर रहे हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित कों बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी मुस्तफा रजा को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते थे। चारपहिया वाहन से पहले सुनसान रास्तों की रेकी की जाती थी, इसके बाद ट्रक और पिकअप के माध्यम से पशुओं को कंटेनरों में लादकर बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाकर बेचा जाता था। पुलिस से बचने के लिए वाहन पर नंबर प्लेट नहीं लगाते थे और अवैध असलहों का इस्तेमाल करते थे। इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, पांच कारतूस, बिना नंबर प्लेट की चारपहिया गाड़ी, 2,150 रुपये नकद और प्रतिबंधित पशुओं को बांधने वाली चार रस्सियां बरामद हुई हैं। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *