77 केन्द्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला, 2931 मरीजों ने उठाया लाभ, सीएमओ

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के सभी 77 स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 2931 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान दी।मुख्य चिकित्साधिकारी ने मनचोभा, कुंदीगण, दलसिंगार एवं मड़या नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मेले में 1030 पुरुष, 1599 महिलाएं तथा 302 बच्चों का पंजीकरण हुआ। मेले के सफल संचालन के लिए 107 चिकित्सक एवं 313 पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की गई थी, जिन्होंने मरीजों की जांच, परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण सुनिश्चित किया।डॉ. वर्मा के अनुसार मेले में 360 मधुमेह, 166 उच्च रक्तचाप, 338 गैस्ट्रो, 293 श्वसन, 325 त्वचा रोग, 70 यकृत, 26 क्षय रोग तथा 57 एनीमिया के मरीजों का उपचार प्रारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त 208 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई और 142 कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यक परामर्श दिया गया।कोविड-19 हेल्प डेस्क पर 345 मरीजों की जांच की गई तथा 51 गोल्डन कार्ड बनाए गए। गंभीर स्थिति वाले 25 मरीजों को मेडिकल, सामान्य शल्य, नेत्र, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी सहित विभिन्न श्रेणियों में उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने साफ-सफाई, ओपीडी व्यवस्था, दवा उपलब्धता, जांच सुविधाओं एवं उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के माध्यम से अधिकतम लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं तथा आयुष्मान भारत सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जाए।सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा की कि वे मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखें और समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करें, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर आमजन का विश्वास और सुदृढ़ हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *