आजमगढ़ में न्याय का महाकुंभ: 34 विभागों के साथ मेगा विधिक सहायता शिविर का भव्य आयोजन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


दिव्यांगों व जरूरतमंदों को प्रमाण पत्र, चेक व ट्राई साइकिल वितरित


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ द्वारा जनपद न्यायालय परिसर में वृहद/मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश पाण्डेय ने की। शिविर का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वाग्देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जनपद के निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के पात्र व्यक्तियों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने बताया कि न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर न्यायाधीश महोदय ने फीता काटकर शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया तथा परिसर में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, ट्राई साइकिल तथा “एक जिला एक उत्पाद” योजना के तहत निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी एवं मुबारकपुर की साड़ियां वितरित की गईं। साथ ही न्यायालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन ने बताया कि यह मेगा शिविर जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें कुल 34 विभागों ने स्टॉल लगाए। शिविर से पूर्व जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर लघु शिविरों के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया था। स्वास्थ्य योजनाओं के लिए मेडिकल टीम द्वारा विशेष कैंप लगाया गया, वहीं सूचना विभाग द्वारा एलईडी स्क्रीन वैन के माध्यम से नालसा की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों का भी स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *