



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, “बेटी के खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। जैसे ही मुझे इस मामले की जानकारी मिली, मैंने पुलिस को तुरंत FIR दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।”उन्होंने कहा कि वह ऐसे संस्कारों में पले-बढ़े हैं जहां यह माना जाता है कि “गांव की बेटी, सबकी बेटी होती है और गांव की बहन, सबकी बहन होती है।” इसलिए इस मामले में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को भी भाषा और व्यवहार में संयम रखने की सीख देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बेटियों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं को संस्कारित और मर्यादित भाषा का प्रयोग करने की सीख देने की आवश्यकता है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कहा, “अच्छा होगा कि आप उन्हें समझाइए। यदि आप नहीं समझा सकते तो उन्हें हमारे पास भेज दीजिए, हम उन्हें अच्छी तरह से समझा देंगे।”
