आजमगढ़ मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मेहनगर और तरवां पुलिस की संयुक्त टीम ने मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पौहारी बाबा मंदिर से चोरी किए गए 20 पीतल के घंटे, चोरी के माल की बिक्री से मिले एक लाख रुपये नकद और दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मेहनगर क्षेत्र के पौहारी बाबा मंदिर में 29 सितंबर की रात 11 पीतल के घंटे चोरी हुए थे। इसके बाद एक अक्टूबर की रात दोबारा उसी मंदिर से 9 घंटे चोरी कर लिए गए। मामले में मेहनगर थाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को चोरी के माल को बेचने की योजना और उसे खरीदने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। इसी क्रम में 3/4 अक्टूबर की रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग विशुनपुरा मोड़, खरिहानी-चिरैयाकोट मार्ग के पास दो वाहनों में चोरी के घंटे एक वाहन से दूसरे वाहन में स्थानांतरित कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम गुप्ता, प्रेम कुमार, पप्पू राम, हर्ष गुप्ता, सतीश कुमार और अतुल कसेरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने मेहनगर के अलावा 7 अगस्त को गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र स्थित एक मंदिर से चार पीतल के घंटे चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक गिरोह चोरी किए गए पीतल के घंटों को करीब 860 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचता था। पुलिस को पूछताछ में अन्य मंदिरों से भी घंटे चोरी किए जाने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच और अभिलेखीय सत्यापन जारी है। बरामदगी में 20 पीतल के घंटे, एक लाख रुपये नकद, टाटा नेक्सॉन और टाटा टिगोर शामिल हैं। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *