

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तहसील सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक कर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है।डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का समाधान समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया भी शुरू कराई।प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में भविष्य में भी समाधान दिवस के माध्यम से लोगों की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
