आजमगढ़ धुंध के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तीन की मौत, 14 घायल; डीएम रविंद्र कुमार पहुंचे जिला अस्पताल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

तेज रफ्तार निजी बस ट्रेलर में घुसी, पीछे से एक के बाद एक टकराईं कई गाड़ियां; दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह धुंध के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार निजी बस सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इसके बाद बस के पीछे आ रहीं कई गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकराती चली गईं। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।हादसा मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास हुआ। सुबह घनी धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान निजी बस चालक सामने चल रहे ट्रेलर को देख नहीं पाया और बस सीधे ट्रेलर में जा घुसी। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पीछे से आ रहे वाहन भी एक के बाद एक टकराते चले गए। हादसे में दो बस और पांच ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिश्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया।वहीं, भीषण हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी रविंद्र कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को निर्देशित किया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि इस समय प्रशासन की पहली प्राथमिकता हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराना है। सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बाद हादसा किन परिस्थितियों में और किन कारणों से हुआ, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *