आज़मगढ़ ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, अवयस्क चालक और स्टंटबाजों पर बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आज़मगढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कदम उठाए गए। 14 जनवरी 2026 को जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं रात्रिकालीन सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान वायरल वीडियो के आधार पर अवयस्क वाहन चालक और सार्वजनिक मार्ग पर स्टंटबाजी करने वाले युवकों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। पहले मामले में, दो पहिया वाहन संख्या UP50 CH 8296 को एक अवयस्क चालक द्वारा चलाए जाने की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत वाहन को सीज कर दिया गया। इस मामले में ₹7,000 का चालान किया गया तथा वाहन को थाना बिलरियागंज में निरुद्ध किया गया। वहीं, दूसरे मामले में सार्वजनिक सड़क पर स्टंटबाजी करते हुए पाए गए दुर्गेश निषाद पुत्र राम अनुज निषाद, निवासी ग्राम अभनपट्टी नैनीजोर, थाना रौनापार, आज़मगढ़ को चिन्हित किया गया। उसके द्वारा उपयोग किए जा रहे दो पहिया वाहन संख्या GJ05 LW 4168 को भी धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। इस प्रकरण में ₹10,000 का चालान करते हुए वाहन को थाना रौनापार में निरुद्ध किया गया।यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, अवयस्कों को वाहन न सौंपें तथा स्टंटबाजी जैसे जानलेवा कृत्यों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *