

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। सामाजिक सेवा और स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अतरौलिया निवासी एवं आरम्भ फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष मनीष सोनी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उन्हें लखनऊ में आयोजित ‘संवेदना-2 नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड समारोह-2026’ में नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस सम्मान प्रदान किया गया।यह सम्मान बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान एवं उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के राज्यमंत्री वैश्य नटवर गोयल द्वारा प्रदान किया गया।समारोह में प्रदेशभर से समाज सेवा, रक्तदान और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। मनीष सोनी को युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किए जा रहे निरंतर सामाजिक कार्यों के लिए यह सम्मान मिला।सम्मान प्राप्त करने के बाद मनीष सोनी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि आरम्भ फाउंडेशन की पूरी टीम, स्वयंसेवकों और सहयोगियों की है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा का उद्देश्य पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उनकी इस उपलब्धि पर अतरौलिया सहित पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है और विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों तथा जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
