आजमगढ़ को बड़ी सौगात: पुरानी जेल की 12 एकड़ भूमि पर बनेगा पार्क, कन्वेंशन सेंटर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सीएम योगी ने की घोषणा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महाराजा सुहेलदेव राजभर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आजमगढ़ सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र की 955 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शहर के बीचों-बीच स्थित पुरानी जिला जेल की लगभग 12 एकड़ भूमि पर कन्वेंशन सेंटर, पार्क और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने की बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद जनपदवासियों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि वर्षों से इस खाली पड़ी भूमि के जनहित में उपयोग की मांग उठती रही है। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बताया कि आजमगढ़ पूर्वांचल का एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण जिला है, जिसका स्वतंत्रता संग्राम में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आजमगढ़ के विकास से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में जिले को सड़कों, आधारभूत ढांचे और अन्य विकास योजनाओं की बड़ी सौगातें मिली हैं। दारा सिंह चौहान ने बताया कि पुरानी जिला जेल के इटौरा स्थित मंडलीय कारागार में स्थानांतरित होने के बाद शहर के बीच स्थित यह बहुमूल्य भूमि खाली पड़ी हुई है। इस जमीन पर अवैध कब्जे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और मीडिया द्वारा लंबे समय से इसकी उपयोगिता तय करने की मांग की जा रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि इस भूमि पर एक भव्य पार्क, म्यूजियम, कन्वेंशन सेंटर और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विकास कराया जाए, जिससे आम जनता को लाभ मिल सके। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए मंच से ही जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के कारण इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने में कोई बड़ी बाधा नहीं आएगी। हालांकि परियोजना की लागत और समयसीमा का निर्धारण विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद होगा। दारा सिंह चौहान ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्तमान कार्यकाल में ही इस परियोजना का शिलान्यास होने के साथ-साथ इसका निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित भी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्क, कन्वेंशन सेंटर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकसित होने से आजमगढ़ शहर की तस्वीर बदलेगी और जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *