


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक गुरुजी हाथों में डंडा लिए बच्चों से झाडू लगवाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोग गुरुजी की इस कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं बीएसए का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है लेकिन जांचकर कार्रवाई की जाएगी।अभी हाल ही में अजमतगढ़ विकास खंड का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों से गाड़ी धुलवाया जा रहा था। इस मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक को तत्काल निलंबित कर दिया था। अभी यह मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि तहबरपुर विकास खंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो प्राथमिक विद्यालय बेगपुर का बताया जा रहा है। जिसमें एक शिक्षक हाथों में डंडा लिए खड़े है और तीन बच्चे हाथों में झाडू लेकर विद्यालय परिसर में सफाई करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही बेसिक शिक्षा पर बड़े सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं। इस संबंध में बीएसए राजीव पाठक ने बताया कि यह वीडियो हमारे संज्ञान में नहीं आया है। अभी अजमतगढ़ में प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों से गाड़ी धुलवाया जा रहा था। हमने इस मामले में कार्रवाई की थी। हम इसकी भी जांच कराएंगे और कार्रवाई करेंगे।
