


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद के चलते हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को सठियांव गांव स्थित त्रिदेव ग्रुप प्लॉटिंग में हिस्सेदारी और निवेश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट से बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया, जिसमें सत्यनन्द चौबे और विकास चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।घटना के दौरान आरोपी कमलेश्वर दूबे उर्फ गोलू ने अवैध तमंचा निकालकर विपक्षी पक्ष को जान से मारने की नीयत से धमकाया था। इस मामले में मुबारकपुर थाने पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान 20 अप्रैल की सुबह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दामोदरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से .315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और रंजिश के चलते अवैध असलहा अपने पास रखता था। घटना के दिन उसी हथियार से उसने विपक्षी पक्ष को धमकाया था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
