आजमगढ़ में प्रदर्शन को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा, जुलूस से पहले पुलिस ने रोका, हिरासत के बाद कोतवाली पर बढ़ा हंगामा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को आजमगढ़ में भी प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। विभिन्न संगठनों और युवाओं ने जुलूस निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने अनुमति नहीं दी और उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा गया। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां विरोध बढ़ने पर पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया।प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की बहाली की मांग उठाई।दोपहर में कुंवर सिंह उद्यान के पास छात्र, युवा और महिलाएं एकत्र हुए, लेकिन जुलूस निकालने की कोशिश होते ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद पूरे दिन कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाकों में पुलिस प्रदर्शनकारियों को समूह बनाकर खड़े होने से रोकती रही।एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। महिला प्रदर्शनकारियों को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें शांतिपूर्ण मार्च की अनुमति नहीं दी गई, जबकि पुलिस का कहना रहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।दिनभर चले इस घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *