



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के दौरान और उसके बाद मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव और सालार मसूद गाजी को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि महाराजा सुहेलदेव को काल्पनिक बताने वाले लोग इतिहास से अनभिज्ञ हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि सालार मसूद गाजी अफगानिस्तान से आया था और उसने अपने अभियान के दौरान कई स्थानीय राजाओं को पराजित किया था। उन्होंने कहा कि उस समय महाराजा सुहेलदेव ने आसपास के अनेक राजाओं को एकजुट कर उसके खिलाफ मोर्चा खोला था। राजभर के अनुसार नानपारा क्षेत्र में 18 दिनों तक युद्ध चला, जिसके बाद गाजी को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती जिले में आज भी उस कालखंड से जुड़े अवशेष मौजूद हैं। वहां सैकड़ों एकड़ भूमि और किले के अवशेष देखे जा सकते हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शासनकाल के गजेटियर में भी इस इतिहास का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि जो लोग महाराजा सुहेलदेव के अस्तित्व पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले इतिहास का अध्ययन करना चाहिए। ऐसे लोग राजनीतिक कारणों से भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पंचायती राज मंत्री ने कहा कि आजमगढ़ को सपा का गढ़ कहा जाता रहा है, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह चूहा जमीन के अंदर घुसकर मिट्टी खोद देता है, उसी तरह समाजवादी पार्टी का जनाधार भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि पहले जो विधायक और नेता अपने घरों में आराम करते थे, वे अब छोटी-छोटी घटनाओं पर भी लोगों के दरवाजे तक पहुंच रहे हैं। जनता के बीच बढ़ती सक्रियता इस बात का संकेत है कि उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती हुई दिखाई दे रही है। राजभर ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और चुनाव परिणाम कई लोगों को चौंका देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के आधार पर एक बार फिर भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर भरोसा जताएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पंचायत भवन, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ प्रदेश में लगातार काम किया जा रहा है। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विकास और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियां ही आने वाले चुनावों में जनता के बीच सबसे बड़ा मुद्दा बनेंगी।
