


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। डीएवी पीजी कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र (48034) की छात्रा इशिता त्रिपाठी ने बी.ए. में 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। मूल रूप से प्रयागराज की निवासी इशिता वर्तमान में आजमगढ़ के अराजीबाग में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं।नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में इशिता को यह सम्मान भारत के उपराष्ट्रपति के हाथों प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।इशिता के पिता विनोद कुमार त्रिपाठी हैं, जबकि उनकी माता स्वर्गीय डॉ. शैलजा त्रिपाठी थीं, जो श्री अग्रसेन महिला पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं। इशिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह संभव नहीं था।उन्होंने अपने भविष्य के लक्ष्य साझा करते हुए बताया कि वे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर समाज में एक जिम्मेदार पद पर पहुंचकर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं। साथ ही, अपनी माता के पदचिह्नों पर चलते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का भी संकल्प रखा है।इग्नू अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. शिल्पा त्रिपाठी ने छात्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य छात्राओं को भी इससे प्रेरणा लेने की अपील की और बताया कि इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 26 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें।
