


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के अतरौलिया थाना क्षेत्र के पहिया बुजुर्ग गांव में जमीन कब्जे को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने 11 नामजद सहित करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई 75 वर्षीय पीड़ित राजबहादुर यादव की तहरीर के आधार पर की गई है। पीड़ित के अनुसार, 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे गांव के फूलचन्द, निरंकार, ओंकार, लालमन, राजेन्द्र, दीपक, सौरभ, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र और जगदीश समेत बड़ी संख्या में लोग उसके घर पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और अवैध असलहों से लैस थे और कथित तौर पर फूलचन्द के उकसावे पर एकजुट होकर जमीन पर जबरन कब्जा करने के लिए दीवार खड़ी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित और उसके परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दौरान हमलावरों ने ईंट-पत्थर भी चलाए और फायरिंग की, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। पीड़ित ने बताया कि जान बचाने के लिए उसे और उसके परिवार को घर के अंदर छिपना पड़ा। आरोप है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और पशुओं के साथ भी मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर के साथ साक्ष्य और वीडियो भी प्रस्तुत किए, लेकिन शुरुआत में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर केस दर्ज किया गया।
