आजमगढ़ पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, बिहार गैंग के दो शातिर बदमाश घायल

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जिले में चोरी छिनैती और लूट में शामिल बिहार गैंग की कमर तोड़ने में जुटी पुलिस ने बीती रात कंधरापुर थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दो कुख्यात अपराधियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। उनके पास अवैध हथियार और बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल बरामद हुई। थानाध्यक्ष अनुराग कुमार मय टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि दो शातिर अपराधी अवैध असलहे के साथ किशुनदासपुर से सेहदा की ओर आ रहे हैं।पुलिस ने भोर्रा-मकबूलपुर अंडरपास पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। थोड़ी देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अपराधी मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। पुलिस को देख दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर सर्विस लेन में गिर गई। घबराए अपराधियों ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायर किया, जिसमें दोनों घायल हुए। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान त्रिभुवन सिंह उर्फ गोलू, पुत्र पप्पू सिंह, निवासी सिकन्दरपुर, थाना कोतवाली, जिला गाजीपुर, जिसके बांए पैर में गोली लगी है और पंकज पासवान, पुत्र राजेन्द्र पासवान, निवासी ग्राम डिडखिली, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध देशी तमंचा, कारतूस,बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार त्रिभुवन सिंह उर्फ गोलू के विरुद्ध चोरी, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत 9 मुकदमे विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। वही पंकज पासवान के विरुद्ध वाराणसी, चंदौली और अन्य जिलों में चोरी, लूट, फर्जीवाड़ा, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के 19 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से सक्रिय आपराधिक गिरोह से जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *