


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के मेंहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी आरिफ पुत्र इस्माइल, थाना मुबारकपुर क्षेत्र का निवासी है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।पुलिस के अनुसार, आरिफ एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर उन्हें गैर प्रांतों में ले जाकर अवैध वध और तस्करी करता था। इस गिरोह के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।इस गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया।सोमवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर मेंहनगर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने करनेहुआ डिग्री कॉलेज के पास घेराबंदी कर आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
