बारिश ने खोली अतरौलिया नगर पंचायत की पोल, घर-दुकानों में घुसा पानी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। बुधवार शाम हुई तेज झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं अतरौलिया नगर पंचायत के कई मोहल्लों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लोहिया नगर वार्ड के जलजमाव वाले इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर भरने के साथ ही कई घरों और दुकानों में भी घुस गया।बैंक और एटीएम के आसपास पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बारिश होते ही कई मोहल्ले जलमग्न हो जाते हैं।लोगों के मुताबिक समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका। लोहिया नगर वार्ड निवासी आशीष निषाद, महेश गुप्ता समेत अन्य लोगों ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।बुधवार की बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। सड़क पर पानी भरने के साथ ही कई घरों और दुकानों में पानी पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।वहीं, बारिश से धान के खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों में खुशी है। किसानों का कहना है कि बारिश से धान समेत अन्य फसलों को लाभ मिलेगा। एक ओर बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी, तो दूसरी ओर नगर पंचायत की बदहाल जल निकासी व्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *