

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाईलैंड के पटाया में आयोजित अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में 85 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन करने वाले युवा पहलवान विवेक चौहान का गुरुवार को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल परिसर में भव्य सम्मान किया गया।विद्यालय के प्रबंधक एवं आजमगढ़ कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके कोच जयप्रकाश यादव, उपक्रीड़ा अधिकारी आजमगढ़, को भी अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।विवेक चौहान, वीरेंद्र कुमार चौहान के पुत्र हैं और आजमगढ़ जिले के चंदौका गांव, पोस्ट पठखौली के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। विवेक ने अपनी प्रारंभिक कुश्ती प्रशिक्षण सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में जयप्रकाश यादव एवं गोविंद यादव के निर्देशन में प्राप्त किया। वर्तमान में वह पिछले एक वर्ष से स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर में रहकर प्रशिक्षण ले रहे हैं।सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवेक की यह सफलता जनपद के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और भविष्य में आजमगढ़ के पहलवान ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएंगे।कार्यक्रम में विजय शंकर यादव (उपाध्यक्ष, कुश्ती संघ आजमगढ़), प्रवीण कुमार यादव (सचिव, कुश्ती संघ आजमगढ़), अजेन्द्र राय (सचिव, आजमगढ़ ओलंपिक संघ), चंद्रिका यादव, बुझारत यादव, श्याम सुंदर गुप्ता, भयैया लाल, लालचंद यादव, बलधारी चौहान, मोती यादव, राम नयन प्रजापति, धर्मेंद्र चौहान, रण विजय चौहान, अखिलेश यादव, सत्यवान यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विवेक चौहान को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
