आजमगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध नर्सिंग होम का ओटी और वार्ड सीज, पैथोलॉजी को नोटिस

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अवैध चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को महराजगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर एक नर्सिंग होम के वार्ड और ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सीज कर दिया गया, जबकि एक पैथोलॉजी केंद्र संचालक को नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस के भीतर जवाब मांगा गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देशन और जिलाधिकारी के आदेश पर डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में महराजगंज क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान शिवा नर्सिंग होम का पंजीकरण केवल क्लिनिक के रूप में पाया गया, जबकि वहां नर्सिंग होम, वार्ड और ऑपरेशन थिएटर का संचालन किया जा रहा था। यह नियमों का उल्लंघन मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से वार्ड और ओटी को सीज कर दिया तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। विभाग को इस प्रतिष्ठान से जुड़े एक बच्चे की मृत्यु की शिकायत भी प्राप्त हुई थी। इसी अभियान के तहत महराजगंज थाने के पास संचालित दीपिका पैथोलॉजी का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच में वैध पंजीकरण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले, जिसके बाद संचालक को नोटिस जारी कर तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि बिना वैध अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लिनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *