आजमगढ़ ब्लड बैंक में ब्लड डायल्यूट करने के आरोपों की जांच शुरू, तीन सदस्यीय समिति गठित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला मंडलीय चिकित्सालय के ब्लड बैंक में ब्लड डायल्यूट किए जाने के आरोपों को लेकर अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जिला मंडलीय चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. सतीश चंद कन्नौजिया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर एक-दो दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने बताया कि ब्लड बैंक से संबंधित शिकायतों की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अस्पताल स्तर पर मामले की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन को ऐसी कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि ब्लड बैंक में रक्त से जुड़ी किसी प्रकार की गलत प्रक्रिया अपनाई गई है। एसआईसी ने कहा कि यदि जांच में ब्लड डायल्यूट किए जाने जैसी कोई अनियमितता सामने आती है तो यह बेहद गंभीर मामला माना जाएगा। मरीजों की सुरक्षा और हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि शिकायतकर्ता की पहचान और अन्य विवरण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। जांच समिति सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *