
78 संगीन मुकदमों में वांछित गिरोह पर अब आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों पर नकेल कसने के अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेशस्तर पर चिन्हित माफिया व गैंग लीडर ध्रुव सिंह उर्फ़ कुंटू सिंह सहित चार अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह फर्जी कागजात बनवाकर श्रीकृष्ण पाठशाला (इंटर कॉलेज), आजमगढ़ की मैनेजिंग कमेटी पर कब्जा जमाने की साजिश कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने कुंटू सिंह की पत्नी बंदना सिंह सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कोतवाली में पुलिस ने पीएसी लगाई है। प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पांडेय की तहरीर पर थाना कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट में कुंटू सिंह, उसकी पत्नी बंदना सिंह, सहयोगी सुनील कुमार सिंह व नरेन्द्र कुमार सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरोह द्वारा आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए फर्जी व कूटरचित दस्तावेज़ तैयार कर विद्यालय प्रबन्धन पर कब्जे का प्रयास, विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमों में फसाने की साजिश, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी जैसे अपराध किए जा रहे थे। इसी गिरोह के खिलाफ पहले भी कोतवाली में कई मुकदमा पंजीकृत है, जिसकी विवेचना पूरी कर पुलिस न्यायालय को आरोप पत्र भेज चुकी है। आजमगढ़। पुलिस की ओर से जारी आपराधिक इतिहास में कुंटू सिंह के नाम हत्या, लूट, गैंगेस्टर, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित कुल 78 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस ने गिरोह के अन्य तीन सदस्यों बंदना सिंह, सुनील सिंह व नरेन्द्र सिंहपर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने इस मामले में बंदना सिंह सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। विशेष टीम गठित, दस्तावेज़ व संपत्तियों की जांच जारी
आजमगढ़। पुलिस ने बताया कि गिरोह की संपूर्ण गतिविधियों, आर्थिक स्रोतों, सहयोगियों, तथा फर्जी दस्तावेज़ तैयार कराने वाले नेटवर्क की जांच को लेकर विशेष टीम बनाई गई है। विद्यालय प्रबन्धन से जुड़े दस्तावेजों की भी विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं इस पूरे मामले पर SP ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सन 2023 में थाना कोतवाली पर एक मुकदमा पंजीकृत किया गया था जिसमें कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग़ करके झांसा देने के संबंध में मुकदमा पंजीकृत किया गया था जिसमें चार लोगों के ऊपर मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें माफिया ध्रुव सिंह उनकी पत्नी वंदना सिंह, नरेंद्र सिंह, और सुनील कुमार सिंह के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। चार्जशीट लगने के पश्चात गैंगस्टर सन 2025 में दर्ज किया गया इसी गैंगस्टर मुकदमा के अंतर्गत आज तीन लोगों की गिरफ्तारी वंदना सिंग, सुनील सिंह, हरेंद्र सिंह की गई है । अग्रिम विधि कार्रवाई की जा रही है।
