चोरी करते पकड़े जाने पर महिला की गला रेतकर हत्या, 22 वर्षीय युवती गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को हुई महिला अकबरी बानो की गला रेतकर हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती का मृतका के घर आना-जाना था। उसे जानकारी थी कि मृतका घर में रुपये रखती है। 20 अगस्त को मृतका के घर पर अकेली होने का फायदा उठाकर युवती चोरी की नीयत से पहुंची और कमरे से रुपये निकालने लगी। इसी दौरान मृतका ने उसे चोरी करते देख लिया।विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। बाल खींचने के दौरान मृतका चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी युवती ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से मृतका का गला रेत दिया और मौके से फरार होकर अपने घर चली गई। बाद में उसने घटना में प्रयुक्त चाकू अपने घर के पास करकट में छिपा दिया।घटना की सूचना पर बरदह पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।जांच के दौरान पुलिस को मृतका के घर लगातार आने-जाने वाली 22 वर्षीय युवती पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने गहनता से पूछताछ की, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।पुलिस ने आरोपी युवती को 22 अगस्त को करीब 7:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना बरदह में मु0अ0सं0 289/2026 के तहत धारा 103(1)/333 बीएनएस में कार्रवाई की गई है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल कमलेश प्रसाद, आरक्षी वेद व्यास तिवारी, महिला आरक्षी अंकिता सिंह और महिला आरक्षी बीनू सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *