आजमगढ़ में मिठाई फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की छापेमारी, ढाई क्विंटल मिलावटी मिठाई जब्त

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई की फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब ढाई क्विंटल मिलावटी मिठाई बरामद की है। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई आगामी पर्वों को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि रामपुर गांव में एक स्थान पर अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री का निरीक्षण किया और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। पंजीकरण पाया गया, लेकिन वहां तैयार मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर संदेह होने पर विभाग ने चार नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इनमें डोडा बर्फी, मिल्क केक, सूजी और लड्डू के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जहां जांच के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, मौके पर करीब ढाई क्विंटल संदिग्ध और दूषित अवस्था में मिठाई पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 हजार 500 रुपये बताई गई है। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध मिठाई को जब्त कर नष्ट कराया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि आगामी पर्वों को देखते हुए पूरे जिले में मिठाई, खोया, दूध और पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के अनुसार खाद्य पदार्थों का निर्माण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। मिठाई की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी, इस संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारी के मुताबिक, यह अभी प्रारंभिक कार्रवाई है और नमूनों की जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *