आजमगढ़ बाइक सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत, दूसरा घायल

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। दो पहिया वाहन से जा रहे दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।मृतक की पहचान सुशील निवासी कोढ़वा गांव थाना जहानागंज के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक पिंटू यादव बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पिंटू को गोली छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।घटना के बाद गांव समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि पहले भी धमकियां दी जा रही थीं और पुलिस को इसकी सूचना भी दी गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना की जानकारी ली।पुलिस के अनुसार हमलावरों ने बाइक सवार युवकों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।एसएसपी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *