योगा टीचर की नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी! फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वाला गिरोह का सरगना गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर पुलिस ने सरकारी स्कूल और एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र तथा अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को मुबारकपुर निवासी सुजाता जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता और उनके साथियों ने सरकारी स्कूल एवं एनजीओ में योगा टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 1.35 लाख रुपये वसूले और ‘Max Idea’ के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र देकर कई लोगों से धोखाधड़ी की।शिकायत के आधार पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। रविवार को चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा ने पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर रोडवेज तिराहे से वांछित आरोपी रितेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करता था। पुलिस को गिरोह द्वारा कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *