

जन आरोग्य मेलों में 2,106 मरीजों का पंजीकरण, 68 आयुष्मान कार्ड बने; सेवा संकल्प शिविर में रक्तदान की स्थिति जानी
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति जानने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने रविवार को विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। सीएमओ ने सबसे पहले पीएचसी बनकट पहुंचकर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का जायजा लिया और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।जनपद के 76 जन आरोग्य मेलों में 82 चिकित्सक और 286 पैरामेडिकल कर्मी तैनात रहे। इन मेलों में कुल 2,106 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिसमें 905 पुरुष, 884 महिलाएं और 317 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान 68 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जबकि 232 लोगों की कोविड हेल्प डेस्क पर स्क्रीनिंग की गई। मरीजों को जांच, उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। गंभीर अथवा विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता वाले तीन मरीजों को रेफर किया गया।सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि जन आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध और सुगमता से उपलब्ध कराई जाएं। जरूरत के अनुसार मरीजों को उचित उपचार और समय से रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।इसके बाद डॉ. एनआर वर्मा हरैया ब्लॉक पहुंचे, जहां सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए रक्तदान की स्थिति की जानकारी ली। सीएमओ के पहुंचने तक दो लोगों द्वारा रक्तदान किया जा चुका था। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संदीप पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सीएमओ ने स्वस्थ लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।इसके बाद सीएमओ ने सीएचसी हरैया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, डिलीवरी रूम सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की।डॉ. वर्मा ने निर्देश दिया कि सीएचसी पर मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। विशेष रूप से इमरजेंसी और प्रसव सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।सीएमओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य केन्द्रों और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और आमजन को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
