






गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के बाकरकोल गांव निवासी रामदुलारे राजभर ने शुक्रवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर उनके मकान के सामने कथित रूप से जबरन कब्रिस्तान बनाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई कर विवाद का समाधान कराने की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार रामदुलारे राजभर का गाटा संख्या 299 मि. में आवासीय मकान, बाग और हैंडपंप स्थित है। आरोप है कि गांव के मंगल पुत्र वैताली और इसू पुत्र फुसड़ी ने उक्त भूमि पर कब्रिस्तान कायम करने की नीयत से 12 अगस्त को पुलिस की मौजूदगी में एक शव दफना दिया। मकान के सामने कब्र बनाए जाने से परिवार में भय का माहौल होने की बात कही गई है।आवेदक का आरोप है कि उनकी बेटी ने जब कथित रूप से कब्रिस्तान निर्माण का विरोध किया तो संबंधित लोगों ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। आरोप है कि बेटी द्वारा की जा रही रिकॉर्डिंग के दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया तथा उसमें मौजूद डाटा डिलीट कर दिया गया। पीड़ित ने थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया है।प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित भूमि को लेकर पूर्व में मुकदमा चला था, जिसमें तहसील स्तर से प्रार्थी के पक्ष में डिग्री मिलने का दावा किया गया है। आवेदक के मुताबिक राजस्व अभिलेखों में उक्त स्थान पर कब्रिस्तान दर्ज नहीं है, जबकि सामने नवीन परती की भूमि का बड़ा गड्ढा मौजूद है।रामदुलारे राजभर ने डीएम और एसएसपी से पूरे प्रकरण की जांच कराकर भूमि विवाद का समाधान कराने तथा किसी भी प्रकार के विवाद एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने से पहले आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
