






बदहाल सड़कों, संपर्क मार्गों, कटान और बाढ़ की समस्या को लेकर प्रेस वार्ता में सपा विधायक पर साधा निशाना
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जयनाथ सिंह ने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को करतालपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने समाजवादी पार्टी और गोपालपुर विधानसभा के स्थानीय जनप्रतिनिधि पर निशाना साधते हुए विधायक निधि के इस्तेमाल का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।जयनाथ सिंह ने कहा कि आजमगढ़ जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। जिले की दोनों लोकसभा सीटों पर भी सपा के सांसद हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष भी सपा से हैं। इसके बावजूद जिले, खासकर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित विकास दिखाई नहीं दे रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि गोपालपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में कई संपर्क और लिंक मार्ग जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह सड़कें टूट चुकी हैं और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने एक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जबकि वहां विधायक का बोर्ड लगा हुआ है। सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सड़क के लिए बजट स्वीकृत हुआ था तो काम धरातल पर क्यों नजर नहीं आ रहा है।विधायक निधि के खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने की मांगभाजपा नेता ने विधायक निधि के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विधायक निधि जनता के पैसे से आती है और उसका उपयोग क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं के विकास में होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विधायक निधि से स्वीकृत और कराए गए कार्यों का पूरा विवरण जनता के सामने रखा जाए।जयनाथ सिंह ने कहा कि गोपालपुर क्षेत्र में बाढ़ और कटान की समस्या भी गंभीर है। खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल क्षेत्र का दौरा करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों और महिलाओं समेत आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना भी है।भाजपा सरकार के विकास कार्यों को गिनायाप्रेस वार्ता में जयनाथ सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आजमगढ़ में सड़क, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जिले को विकास की नई दिशा देने का काम किया है।आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए लंबे समय तक आंदोलन और संघर्ष किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में भेजना कठिन था, इसलिए जिले में विश्वविद्यालय की मांग लंबे समय से उठाई जाती रही। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान लोगों को लाठीचार्ज और जेल तक का सामना करना पड़ा, जिसके बाद भाजपा सरकार के कार्यकाल में विश्वविद्यालय का सपना साकार हुआ।जयनाथ सिंह ने कहा कि आजमगढ़ के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। वहीं गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग, कटान और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और विधायक निधि के खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक किए जाने की मांग दोहराई।
