आजमगढ़ में प्रकृति का कहर तेजापुर में 15 फीट धंसी जमीन, बाइक-साइकिल समेत सामान पाताल में समाया

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के तेजापुर गांव में बुधवार को अचानक हुए भीषण भू-धंसाव से हड़कंप मच गया। किसान सुदामा यादव के ट्यूबवेल परिसर में अचानक जमीन धंसने से करीब 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया। देखते ही देखते ट्यूबवेल का कमरा, बाइक, दो साइकिलें, चार बोरी खाद, अनाज, इलेक्ट्रिक मोटर, पंखा और अन्य सामान जमीन के अंदर समा गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय सुदामा यादव मवेशियों को पानी पिलाने के लिए ट्यूबवेल पर पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे तक ट्यूबवेल सामान्य रूप से चलाकर हौज भरा गया था। इसके बाद करीब 2 से 3 बजे के बीच जब वह दोबारा ट्यूबवेल चलाने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पूरी जमीन नीचे बैठ चुकी थी और ट्यूबवेल समेत कमरे में रखा सामान गहरे गड्ढे में दब चुका था। पीड़ित किसान सुदामा यादव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2000 में बोरिंग कराई थी और उसकी सुरक्षा के लिए वहां कमरा बनवाया था। बरसात के दौरान कुछ समय से बोरिंग के पाइप के पास नीचे की ओर पानी का हल्का रिसाव भी हो रहा था।सुदामा यादव के पुत्र शुभम यादव ने बताया कि अचानक जमीन धंसने से कमरे के अंदर खड़ी बाइक, दो साइकिलें, खेत के लिए रखी गई रासायनिक खाद की चार बोरियां, अनाज, पंखा, इलेक्ट्रिक मोटर समेत अन्य सामान मलबे में दब गया। गड्ढा इतना गहरा है कि ऊपर से बाइक का कुछ हिस्सा ही दिखाई दे रहा है। भू-धंसाव की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में पीड़ित परिवार को करीब सवा से डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी है। वहीं ग्रामीणों और किसान ने तहसील प्रशासन एवं राजस्व विभाग से मौके का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित आर्थिक सहायता/मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *