मंडलायुक्त-डीआईजी की मंडलीय कानून व्यवस्था पर सख्ती: बाढ़ राहत, त्योहारों की सुरक्षा, नो हेलमेट-नो फ्यूल और अपराध नियंत्रण को लेकर दिए कड़े निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक और पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपदों की कानून व्यवस्था, बाढ़ राहत, आगामी त्योहारों, सड़क सुरक्षा और लंबित विवेचनाओं समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बचाव एवं राहत कार्यों की प्रभावी निगरानी करने तथा सभी प्रभावित परिवारों को निःशुल्क राशन किट का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलस्तर पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। आगामी गांधी जयंती, शारदीय नवरात्रि, दशहरा, महाराजा अग्रसेन जयंती, वाल्मीकि जयंती, सरदार पटेल जयंती, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए सभी थाना, तहसील और जिला मुख्यालय स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सामने आने वाली जनसमस्याओं का तत्काल समाधान कराने को कहा गया। नो हेलमेट-नो फ्यूल का सख्ती से पालन मंडलायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर तीनों जनपदों में ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान का प्रभावी ढंग से पालन कराने के लिए निर्देशित किया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को ईंधन नहीं देने को कहा गया।बिना परमिट चलने वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, मंडल के अवशेष स्कूली वाहनों की फिटनेस परिवहन विभाग से कराने को कहा गया। फिटनेस नहीं कराने पर संबंधित प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। लंबित विवेचनाओं और अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई बैठक में पुलिस विभाग से संबंधित लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख अपराध, महिला अपराध तथा अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अभियुक्तों के खिलाफ गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। मंडलायुक्त और डीआईजी ने पुलिस की विशेष इकाइयों आईबी, एलआईयू, आर्थिक अपराध और एसआईटी के कार्यों की भी समीक्षा की। शंभूपुर हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई की सराहना बैठक के दौरान हाल में अहरौला के शंभूपुर में हुए हत्याकांड के दौरान पुलिस द्वारा साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चियों को सुरक्षित बचाने तथा उनके भविष्य के लिए आर्थिक सहायता किए जाने की मंडलायुक्त और डीआईजी ने सराहना की। इसके साथ ही बलिया में बाढ़ की स्थिति के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम तथा आजमगढ़ में मुख्यमंत्री एवं दोनों उपमुख्यमंत्रियों के भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए दोनों जनपदों के जिला एवं पुलिस प्रशासन की प्रशंसा की गई। मंडलायुक्त और डीआईजी अब शासन के निर्देशानुसार मंडल के सभी थानों और तहसीलों के जनता दर्शन में ऑनलाइन जुड़कर प्रभावी मॉनिटरिंग करेंगे। सम्पूर्ण समाधान दिवस और थाना दिवस में आने वाली राजस्व संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार समाधान कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में आजमगढ़ डीएम रविन्द्र कुमार, बलिया डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह, मऊ डीएम आनन्द वर्धन, आजमगढ़ एसएसपी डॉ. अनिल कुमार समेत तीनों जनपदों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *