एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराध से बचाव का पाठ, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए आजमगढ़ पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर स्थित हेन्टल मेडिकल कॉलेज में चल रहे 99 UP BN NCC CATC-328 कैंप में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सेल आजमगढ़ और थाना सिधारी की संयुक्त टीम ने कैंप में प्रशिक्षण ले रहे एनसीसी कैडेट्स (छात्र-छात्राओं) को साइबर अपराध के नए-नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। प्रभारी साइबर सेल रवि प्रकाश गौतम ने कैडेट्स को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में लोगों को खुद जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की। साइबर सेल के आरक्षी सत्येंद्र यादव ने फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, सोशल इंजीनियरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, बारकोड, APK फाइल और फर्जी वेबसाइट के जरिए होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी। साथ ही हनी ट्रैप, सिम कार्ड, एटीएम और डेबिट-क्रेडिट कार्ड से होने वाले फ्रॉड तथा QR कोड के इस्तेमाल में सावधानी बरतने को कहा। वहीं आरक्षी राहुल सिंह ने अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया पर दोस्ती, फर्जी कॉल, अनजान WhatsApp वीडियो कॉल, ऑनलाइन लोन ऐप, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और UPI फ्रॉड से बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या में इंटरनेट पर मिले अनजान कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करने के बजाय संबंधित संस्था के आधिकारिक माध्यम का ही इस्तेमाल करें। इटौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रंजन कुमार ने भी एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप की जानकारी देते हुए cybercrime.gov.in पोर्टल और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल रवि प्रकाश गौतम, इटौरा चौकी प्रभारी रंजन कुमार, आरक्षी सत्येंद्र यादव और राहुल सिंह मौजूद रहे। 99 UP BN NCC CATC-328 के लेफ्टिनेंट डॉ. धीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *