झाड़-फूंक के बहाने महिलाओं को बेहोश कर जेवरात-नगदी चोरी, तीन गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर महिलाओं को बेहोश कर घर से जेवरात व नगदी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का माल खरीदकर गलाने वाला सुनार भी शामिल है।पुलिस के अनुसार, मोहम्मद आजम और अब्दुल राजिक महिलाओं को झाड़-फूंक एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर विश्वास में लेते थे। इसके बाद पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने अथवा कोई पदार्थ सुंघाकर महिलाओं को बेहोश कर देते थे और घर में रखे जेवरात व नगदी चोरी कर लेते थे। चोरी के जेवरात सूरज वर्मा सस्ते दामों में खरीदकर गलाकर आगे बेच देता था।मामले में जलंधरी निवासी महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि करीब चार माह पूर्व दोनों आरोपी चंदा मांगने के बहाने उसके घर पहुंचे थे और उसकी बीमार बेटी को झाड़-फूंक से ठीक करने का झांसा दिया। अगले दिन घर पहुंचकर झाड़-फूंक के नाम पर पानी में कुछ मिलाकर पिलाया और पदार्थ सुंघाया, जिससे महिला, उसकी बेटी और बहन बेहोश हो गईं। इसी दौरान घर की अलमारी से जेवरात और नगदी चोरी कर ली गई।इसी तरह बाज बहादुर निवासी एक व्यक्ति ने भी पुलिस को बताया था कि दो लोगों ने उसकी पत्नी को तंत्र-मंत्र और काले साये का झांसा देकर बेहोश किया और घर से जेवरात चोरी कर लिए।पुलिस ने 13 अगस्त की रात करीब 11:28 बजे कोट तिराहा से मोहम्मद आजम, अब्दुल राजिक और सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर दो मंगलसूत्र के लॉकेट, एक नाक की कील, ₹700 नगद, आठ सिक्के, मिट्टी का मटका, कांच की शीशी, करीब 150–200 ग्राम काली सरसों समेत तंत्र-मंत्र एवं झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *