

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। थाना फूलपुर क्षेत्र में सघन रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में टप्पेबाजी/ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक शातिर बदमाश को गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके एक साथी को मौके से दबोच लिया गया। तीसरा अभियुक्त अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।आपको बता दे की मुखबिर की सूचना पर दुर्वाषा से फूलपुर की ओर आ रही बिना नम्बर की मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर आत्मरक्षा में की गई नियंत्रित फायरिंग में राजेश हरिजन के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को सीएचसी फूलपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं प्रमोद हरिजन को मौके से गिरफ्तार किया गया।मुठभेड़ स्थल से ठगी के जेवरात, अवैध तमंचा व कारतूस, नकदी, दो मोबाइल और बिना नम्बर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। यह कार्रवाई 20 दिसंबर को महिला से मंगलसूत्र व कान की बालियां ठगी के मामले से जुड़ी है। अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
