

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। थाना दीदारगंज क्षेत्र में दर्ज कफ सिरप प्रकरण में वांछित एवं फरार चल रहे अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। औषधि निरीक्षक आजमगढ़ श्रीमती सीमा वर्मा की तहरीर पर थाना दीदारगंज में मु0अ0सं0 319/25 धारा 318(4), 336(3), 340(2), 206, 276 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। इस मामले में अभियुक्त विपेन्द्र सिंह उर्फ रानू सिंह पुत्र अशोक सिंह, निवासी ग्राम जेठहरी, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़, वर्तमान समय में फरार चल रहा है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी गंभीर है, जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आईटी एक्ट, एससी/एसटी एक्ट सहित कुल 12 अभियोग विभिन्न थानों में दर्ज हैं। साथ ही अभियुक्त का एचएस (हिस्ट्रीशीटर) भी वर्ष 2018 में खोला जा चुका है। फरार अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 27 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा अभियुक्त विपेन्द्र सिंह की गिरफ्तारी पर जनपद स्तर से ₹25,000 का नगद पुरस्कार घोषित किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त की तलाश तेज कर दी गई है और शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
