

गौरव श्रीवास्तव/अमन गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। के रौनापार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बाद पुलिस ने तकनीकी लोकेशन के आधार पर साकीनाका क्षेत्र से उसे पकड़ा।पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को पीड़िता ने रौनापार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि डूंगरपुर निवासी तारकेश्वर यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी द्वारा उसकी बिना सहमति गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया गया। साथ ही खेत अपने नाम कराने के बाद शादी करने की बात कही गई और खेत नाम न करने पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।मामले में थाना रौनापार में मुकदमा संख्या 179/2026 के तहत धारा 69, 89 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ न्यायालय से NBW प्राप्त किया गया। तकनीकी माध्यम से उसकी लोकेशन मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में मिली। इसके बाद रौनापार पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 21 सितंबर को आरोपी तारकेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 22 सितंबर को ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे आजमगढ़ लाया गया। 24 सितंबर को रौनापार थाने में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
