

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता अतरौलिया। स्थानीय निरीक्षण भवन में शुक्रवार शाम आइडियल पत्रकार संगठन की बुढ़नपुर तहसील इकाई की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता दिनेश सिंह तथा संचालन तहसील संरक्षक विवेक जायसवाल ने किया।मुख्य अतिथि एवं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने बताया कि गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मानदेय, दुर्घटना बीमा और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग सरकार से की जाएगी। इसके लिए संगठन की ओर से प्रस्ताव तैयार कर संबंधित स्तर पर भेजे गए हैं।उन्होंने कहा कि संगठन की जिला एवं तहसील कार्यकारिणी प्रत्येक माह बैठक कर पत्रकारों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेगी। साथ ही संगठन में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि यदि कोई पदाधिकारी या सदस्य अनैतिक गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।अजय मिश्रा ने दावा किया कि आइडियल पत्रकार संगठन देश के 22 राज्यों में सक्रिय है, जिनमें से 18 राज्यों में संगठन की इकाइयां मजबूती से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में किसी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन उसके साथ खड़ा रहेगा और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।बैठक में राष्ट्रीय सचिव रोशन लाल, केंद्रीय संयुक्त प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, प्रदेश महासचिव प्रवीन मद्धेशिया, प्रदेश सचिव आशीष निषाद, प्रदेश प्रभारी रामनारायण राय, जिलाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा, बजरंगी विश्वकर्मा, संतोष सिंह, तहसील अध्यक्ष राजेश सिंह, अजय प्रकाश यादव, अमित यादव, रविंद्र नाथ गुप्ता, विजय कुमार, विशाल गौतम, चंद्रेश यादव, आकाश मोदनवाल, रामनाथ राजू, राम भवन, कपिल कुमार, अश्वनी गौड़, रवि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
