मण्डलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा: बिना परमिट वाहन संचालन पर सख्ती, स्कूल बसों की फिटनेस अनिवार्य

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, अवैध परिवहन तथा सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।मण्डलायुक्त ने सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचनाएं तथा निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मण्डल के तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को आईटी एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस विभाग की लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।कोचिंग संस्थानों और अस्पतालों में आगजनी की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने अभियान चलाकर इनके पंजीकरण, सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्थाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। सभी संस्थानों में आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा प्रबंध पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।बैठक में अवैध परिवहन पर भी सख्त रुख अपनाते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि मण्डल के किसी भी जनपद में बिना परमिट के वाहन संचालन नहीं होना चाहिए। उन्होंने परिवहन विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही तीनों जनपदों में शेष 919 स्कूली बसों की फिटनेस जांच शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित प्रबंधकों को चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।मण्डलायुक्त ने अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुण्डा एक्ट के तहत कार्रवाई बढ़ाने तथा मण्डल में संचालित अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार समेत मण्डल एवं जनपद स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *