


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जैगहां से बिंदवल जयराजपुर मार्ग पर हरिपुर प्राथमिक विद्यालय के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार और पल्सर बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बता दे की जैगहां की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बिंदवल की तरफ से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सत्यम (18) पुत्र शिवधर और सूरज (19) पुत्र ज्ञान प्रकाश, निवासी जगमलपुर थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद फरार अर्टिगा कार और उसके चालक की तलाश जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
