
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में चल रही S.I.R. (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान सत्ता पक्ष के लोगों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को डराने-धमकाने और फॉर्म-7 पर जबरन हस्ताक्षर कराने का गंभीर आरोप लगा है। समाजवादी पार्टी का दावा है कि भाजपा समर्थक लोग दबाव बनाकर समाजवादी पार्टी समर्थकों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कटवाने की साजिश कर रहे हैं।कहीं-कहीं बीएलओ ने इस दबाव का विरोध किया, जबकि कई स्थानों पर जबरन हस्ताक्षर कराकर फॉर्म को ऑनलाइन किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह सूचनाएं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं।मामले को लेकर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक अखिलेश यादव, विधायक पूजा सरोज, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव एवं यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष जोरार खान शामिल रहे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में वे मतदाता भी मौजूद रहे, जिनके नाम कटवाने का प्रयास किए जाने का आरोप है।जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग की आड़ में घोर बेईमानी कर रही है। ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद वोटर कम होने की आशंका से टाइप-शुदा फॉर्म-7 के जरिए बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की कोशिश की जा रही है। सपा ऐसे नियमविरुद्ध और दबाव में कराए जा रहे कार्यों को बर्दाश्त नहीं करेगी। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
