आजमगढ़ हाईमास्ट लाइट पर घमासान 15 हजार लेने के आरोप में घिरीं सपा विधायक पूजा सरोज,खेत में लाइट लगाने का वीडियो वायरल, विधायक ने कहा मेरे संज्ञान में नहीं है मामला

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मेंहनगर विधानसभा से समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा सरोज एक वायरल वीडियो के बाद विवादों में घिर गई हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे करीब 2 मिनट 16 सेकंड के वीडियो में पार्टी के ही कार्यकर्ता द्वारा विधायक पर ₹15 हजार लेकर हाईमास्ट लाइट देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। वायरल वीडियो में राजेश यादव उर्फ रोमियो यादव नाम का कार्यकर्ता दावा करता हुआ नजर आ रहा है कि मेहनगर क्षेत्र के मौलानीपुर में लगने वाली हाईमास्ट लाइट को हटाकर खेत और एक पार्लर के सामने लगा दिया गया। वीडियो में वह आरोप लगाते हुए कह रहा है कि विधायक के माध्यम से ₹15 हजार लेकर लाइट बेची गई। इतना ही नहीं, वीडियो में कार्यकर्ता यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि ऐसे जनप्रतिनिधियों की जरूरत नहीं है और पार्टी के बड़े नेताओं से अपील की जाएगी कि आगामी चुनाव में उनका टिकट काटा जाए। कार्यकर्ता का यह भी आरोप है कि उसके नाम से आई लाइट को गोलू यादव ने पैसे देकर अपने निजी स्थान पर लगवा लिया, जहां लाइट का कोई सार्वजनिक उपयोग नहीं हो रहा है।पार्टी कार्यकर्ता द्वारा ही विधायक पर आरोप लगाए जाने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और मामला चर्चा का विषय बन गया है। वहीं इस पूरे मामले में सपा विधायक पूजा सरोज ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि जिसने पैसा दिया है और जिसने लिया है, उसे सामने लाया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। विधायक ने यह भी कहा कि इस प्रकरण में जनता से पूछताछ करना ज्यादा उचित होगा।फिलहाल वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोग पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *