
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के गदनपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक झोला व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आपको बता दे की अतरौलिया निवासी राकेश कुमार गुप्ता उर्फ पिंटू (35) पुत्र राधेश्याम मद्धेशिया झोला (फेरी) व्यवसाय का कार्य करते हैं। शनिवार को वह मोटरसाइकिल से अतरौलिया से बुढ़नपुर की ओर सामान देने जा रहे थे। जैसे ही वह गदनपुर तिराहे के पास लिंक एक्सप्रेसवे से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश मोटरसाइकिल समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को घेरकर रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नजदीकी 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक बनी रहने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
