दिव्यांग बच्चों की सुविधाओं का सचिव ने लिया जायजा, 22 फरवरी को मेगा शिविर की दी जानकारी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मा० उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आजमगढ़ के निर्देशों के क्रम में शनिवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती नितिका राजन ने बचपन डे केयर सेंटर, आजमगढ़ का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सेंटर में कार्यरत विशेष शिक्षिका अजीज फातिमा ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा 03 से 07 वर्ष तक के श्रवण बाधित, दृष्टि बाधित एवं बौद्धिक अक्षम दिव्यांग बच्चों के लिए प्री-प्राइमरी विद्यालय संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में सेंटर पर कुल 60 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें से 44 बच्चे उपस्थित मिले।सेंटर में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, निःशुल्क यातायात सुविधा, यूनिफॉर्म, शिक्षण सामग्री एवं उपकरण के साथ निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। सचिव ने सेंटर के सभी कक्षों का निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई की संतोषजनक व्यवस्था पाई गई। बच्चों के लिए स्मार्ट क्लास की भी व्यवस्था की गई है।इस दौरान सचिव ने दिव्यांग बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही बताया गया कि गर्मी के मौसम में स्कूल का समय सुबह 09 बजे से दोपहर 01 बजे तक तथा सर्दी के मौसम में सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक निर्धारित किया गया है। सेंटर परिसर में ही रसोई संचालित है, जहां निर्धारित मेनू के अनुसार बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है।निरीक्षण के दौरान सचिव ने 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद शिविर की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जनपद न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *