

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को हरिऔध कला केन्द्र में मिशन शक्ति 5.0 एवं साइबर क्राइम कौशल कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस परिक्षेत्रीय कार्यक्रम में आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपदों से आए पुलिसकर्मियों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से निपटने के लिए दक्ष बनाना तथा छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में तीनों जनपदों से मिशन शक्ति और साइबर हेल्प डेस्क से जुड़े पुलिसकर्मी शामिल हुए, वहीं चार विद्यालयों की छात्राओं ने भी सहभागिता कर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति कार्य दक्षता परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें तीनों जिलों के कुल 100 पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं सु-दीक्षा नई राह फाउंडेशन के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला बीट व्यवस्था, मिशन शक्ति केंद्र और महिला बीट अधिकारियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, वीमेन पावर लाइन 1090, ऑनलाइन फैमिली काउंसलिंग, महिला साइबर सेल, एंटी रोमियो स्क्वाड और परिवार परामर्श केंद्र जैसी व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला।वहीं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी ने साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। कार्यक्रम में प्रख्यात साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी ठगी, सुरक्षित पासवर्ड और साइबर बुलिंग से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।कार्यक्रम के अंत में पुलिस उप-महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने मिशन शक्ति दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों, कार्यक्रम संचालकों और सामाजिक संस्थाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मऊ की उपनिरीक्षक कोमल, बलिया के आरक्षी मुकेश, आजमगढ़ की महिला आरक्षी अमृता यादव, बलिया की महिला आरक्षी रागिनी कन्नौजिया, कार्यक्रम संचालक उपनिरीक्षक पूनम विश्वकर्मा, हाफ लेमन रेडियो के शिवम चतुर्वेदी और सु-दीक्षा नई राह फाउंडेशन शामिल रहे।कार्यशाला में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, एएसपी प्रेमसुख दड़िया सहित कई अधिकारी, पुलिसकर्मी, छात्र-छात्राएं और पत्रकार मौजूद रहे। यह आयोजन मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों को सशक्त बनाने और महिलाओं व युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
