
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के तहसील सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्वयं उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। प्राप्त शिकायतों में से 50 प्रतिशत से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।कार्यक्रम में शेष शिकायतें मुख्य रूप से राजस्व विभाग से संबंधित पाई गईं। इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजा गया, ताकि शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।अधिकारियों ने समाधान दिवस के दौरान पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याएं सुनीं। साथ ही पुलिस-प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए इसी प्रकार कार्यवाही जारी रहेगी।
