
गौरव श्रीवास्तव/अमन gupta,आजमगढ़। जिले के अतरौलिया क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्र छितौनी-ब पर किसानों ने शुक्रवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने काटा इंचार्ज पर दो कुंतल गन्ना कटौती करने का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत करते हुए स्थानीय किसान सोनू पांडेय ने बताया कि मैं अपनी गन्ना तौल के लिए गन्ना क्रय केंद्र छितौनी – ब पर लाया था। मेरी गन्ना 77 कुन्तल 95 किलोग्राम थी लेकिन क्रय केंद्र इंचार्ज द्वारा 75 कुंतल 95 किलोग्राम कर दिया गया। इसी तरह से खालिसपुर गांव के रहने वाले दूसरे किसान मनोज यादव ने बताया कि गन्ना क्रय केंद्र पर सभी किसानों की गन्ना में से 2 कुंतल गन्ना की कटौती की जा रही है। वहीं किसानो की शिकायत पर गन्ना समिति बूढ़नपुर के सभापति चन्द्रजीत तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि तौल लिपिक कृष्ण कुमार यादव द्वारा किसानों की गन्ना में से दो-दो कुंतल की कटौती की जा रही है। मैं मौके पर पहुंचा और इंचार्ज से निरीक्षण रजिस्टर मांगा तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया। हमने इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मैंने किसानों की शिकायत को नोट कर लिया है और इसे आज ही रजिस्ट्री के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को भेजूंगा और ऐसे भ्रष्ट इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग करूंगा। यदि हम लोगों की सुनवाई नहीं होती है तो हम किसानों के साथ धरना पर बैठने को भी मजबूर होंगे।
