डीएम रविन्द्र कुमार ने मतदाता पंजीकरण कैम्पों का किया औचक निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में मतदाता सूची को अद्यतन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए शनिवार को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैम्प आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कम्पोजिट विद्यालय सरायमंदराज पल्हनी, गांधी गुरुकुल इंटर कॉलेज भंवरनाथ और पायलट वर्कशॉप देवपार सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फार्म-6, उनके ऑनलाइन अपडेट, नाम संशोधन, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम नियमानुसार शामिल कराने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण आवश्यक है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवा इस अभियान का लाभ उठाएं।विशेष कैम्प के दौरान जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे। नागरिकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध कराए गए तथा हेल्प डेस्क स्थापित कर आवेदन प्रक्रिया में सहायता दी गई। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और पते से संबंधित दस्तावेज लिए गए। प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण भी किया गया।अभियान की निगरानी के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों का भ्रमण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *